Saturday, November 20, 2021

हरियाणा पुलिस ने हासिल की बहुत बड़ी सफलता

राहगीरों को लूटने वाला अंतरराजीय गैंग काबू 

चंडीगढ़: 20 नवंबर 2021: (हरियाणा स्क्रीन ब्यूरो)::

हरियाणा पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए राहगीरों को लूटने के साथ-साथ फर्जी आईडी की सिम के सहारे महाराष्ट्र व आंध्रप्रदेश के लोगों से संपर्क करके उन्हें असली सोना बेचने का झांसा देकर नकली सोने की बिक्री करने वाला शातिर गिरोह काबू कर लिया है। इस गिरोह ने लोगों की नाक में दम कर रखा था। लोग इसकी  शिकायतें कर के भी थक चुके थे।  पुलिस भी इस गिरोह के पीछे थी लेकिन यह गिरोह इतना शातिर था कि हर बार बच निकलता था। पर आखिर कब तक बचता? एक दिन पुलिस के हाथों का शिकंजा इस गिरोह तक पहुँच ही गया। हरियाणा पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए राहगीरों को लूटने के साथ-साथ फर्जी आईडी की सिम के सहारे महाराष्ट्र व आंध्रप्रदेश के लोगों से संपर्क करके उन्हें असली सोना बेचने का झांसा देकर नकली सोने जैसी धातु को बेचकर ठगी करने का धंधा करने वाले दो आरोपियों को जिला नूंह से गिरफ्तार किया है।

पुलिस विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यह जानकारी देते हुए बताया कि उनके कब्जे से करीब 5 करोड़ कीमत की 17 नकली सोने की ईंटे (बिस्कूट नुमा पीस), एक अवैध देशी पिस्टल, दो रौंद मैगजीन सहित, सात मोबाइल फोन, व अन्य सामान बरामद किया है। दोनों आरोपी टटलू गैंग के सदस्य हैं।

आंध्रप्रदेश, महाराष्ट्र व अन्य राज्यों के लोगों को बुलाकर करते थे ठगी

प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी महाराष्ट्र की एक पार्टी के साथ बड़ी ठगी करने की फिराक में थे। उन्होंने फर्जी मोबाइल नंबरों से महाराष्ट्र व आंध्रप्रदेश की एक पार्टी से संपर्क करके अपने खेतों में करीब 10 किलो सोना दबा हुआ निकला बताकर उसे बेचने के लिए बुलाया था। नकली सोने की ईटों को बेचकर उन्हें पार्टी से 35 लाख रुपये की ठगी करनी थी। पार्टी द्वारा एक दिन बाद आने की बात बोलने पर आरोपियों ने राहगीरों के साथ लूटपाट करने का भी प्लान बनाया था। आरोपियों द्वारा लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए गाड़ी पर राजस्थान नम्बर की फर्जी नम्बर प्लेट को लगाया हुआ था।

काबू किए गए आरोपियों की पहचान कासिम निवासी रसूलपुर थाना पुन्हाना हालाबाद बी0डी0आई0 आनन्दा झिवाना जिला अलवल (राजस्थान) व हामिद निवासी वार्ड नं0 9, शिव नगर तावडू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सदर नूंह में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरु की है।  लूट की फिराक में खड दोनों को पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नूंह-पलवल रोड़ घासेड़ा नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया।

आरोपियों को कोर्ट में पेश कर और अधिक गहनता से पूछताछ के लिये पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।