Sunday, December 26, 2021

शहीद उधम सिंह देश के वीर सपूत थे--वन मंत्री कंवर पाल

जलियांवाला बाग नरसंहार का बदला लंदन में जाकर लिया था

चंडीगढ़: 26 दिसंबर 2021: (हरियाणा स्क्रीन ब्यूरो)::

अमर शहीद ऊधम सिंह को आज भी हम सभी नमन करते हैं। हरियाणा के मंत्री ने भी उन्हें याद करते हुए अपनी श्रद्धा के सुमन अर्पित किए। हरियाणा के शिक्षा एवं वन मंत्री कंवर पाल ने कहा कि शहीद उधम सिंह देश के वीर सपूत थे, जिन्होंने जलियांवाला बाग नरसंहार का बदला लंदन में जाकर लिया था। ऐसे महान वीर के जन्म से हम सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए।

शिक्षा एवं वन मंत्री आज पंचायत भवन गोविंदपुरा, यमुनानगर में शहीद उधम सिंह जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि अपना संबोधन दे रहे थे।

उन्होंने कहा कि हमें देश के महापुरुषों व वीरों को हमेशा याद रखना चाहिए। वीर शिवाजी, श्री गुरु गोबिन्द सिंह, महाराणा प्रताप के साथ-साथ असंख्य वीरों ने देश को गुलामी की जंजीरों से आजाद करवाने के लिए लड़ाइयां लड़ी और अपने प्राण न्यौछावर किए। वीर सावरकर भी ऐसे ही क्रांतिकारी थे और क्रांतिकारियों के जीवन, आदर्शों और उनके द्वारा लिखी गई पुस्तकों से हमें निरंतर प्रेरणा मिलती है। उन्होंने गुरु गोबिंद सिंह के पुत्रों के बलिदान को भी याद किया और कहा कि सभी वीरों के जीवन से हम सभी को शिक्षा व प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज फ्रांस, जर्मन, चीन, रूस सहित अनेक देशों में लोग अपने देश की भाषा में ही बात करना पसंद करते हैं। इसी प्रकार, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भी हिंदी में ही बात करते हैं। हमें अपनी मातृभाषा को बढ़ावा देना चाहिए।

इस मौके पर उन्होंने काम्बोज सभा यमुनानगर को 11 लाख रुपये तथा कुरुक्षेत्र काम्बोज सभा को 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने यमुनानगर-जगाधरी की प्लाइवुड इंडस्ट्रीज की टेलीफोन डायरेक्टरी का विमोचन भी किया। इस अवसर पर उन्होंने शहीद ऊधम सिंह काम्बोज स्मारक स्थल पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।

इस अवसर पर उनके साथ पूर्व मंत्री एवं ओ.बी.सी. मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष कर्ण देव काम्बोज, यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन राम निवास गर्ग, नगर निगम के मेयर मदन चौहान, पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय व गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय हिसार के कुलपति डा. बी.आर. काम्बोज भी उपस्थित थे।

Thursday, December 9, 2021

भारत को विश्व गुरु बनाने की प्रेरणा पवित्र ग्रंथ गीता से ही मिलेगी

इस पवित्र ग्रंथ से पूरी मानवता को शांति का संदेश दिया गया

    राज्यपाल श्री बंडारु दत्तात्रेय ने किया गीता पूजन   

हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारु दत्तात्रेय ने कहा कि भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए पवित्र ग्रंथ गीता से ही प्रेरणा मिलेगी। इस पवित्र ग्रंथ से पूरी मानवता को शांति का संदेश दिया गया। यह ग्रंथ किसी एक जाति या धर्म का नहीं है। 


चंडीगढ़
//कुरुक्षेत्र9 दिसंबर 2021: (हरियाणा स्क्रीन ब्यूरो)::

हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारु दत्तात्रेय ने कहा कि भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए पवित्र ग्रंथ गीता से ही प्रेरणा मिलेगी, इस पवित्र ग्रंथ से पूरी मानवता को शांति का संदेश दिया गया। यह ग्रंथ किसी एक जाति या धर्म का नहीं है, अपितु यह ग्रंथ हर वर्ग और हर व्यक्ति के लिए है। गीता के उपदेश आज भी पूरी तरह प्रासंगिक है और यह हरियाणा का सौभाग्य है कि कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर ही 5158 वर्ष पूर्व भगवान श्रीकृष्ण ने गीता के उपदेश दिए।

राज्यपाल आज कुरुक्षेत्र में हरियाणा के सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की आजादी के अमृत महोत्सव व राज्यस्तरीय प्रदर्शनी के उदघाटन सत्र में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले राज्यपाल श्री बंडारु दत्तात्रेय ने रिबन काटकर प्रदर्शनी का विधिवत रूप से उदघाटन किया। इस दौरान पर्यटन एवं शिक्षा मंत्री श्री कंवर पाल, खेल मंत्री सरदार संदीप सिंह, सांसद श्री नायब सिंह सैनी, विधायक श्री सुभाष सुधा, त्रिदंडी चिन्ना मन्नारायणा रामानुज जीयर स्वामी, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारणी के सदस्य श्री इन्द्रेश ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि इस गीता जयंती महोत्सव से सांस्कृतिक, अध्यात्मिक और नैतिक मूल्यों को आगे बढ़ाने का एक मार्ग मिलता है। उन्होंने कहा कि विश्व गुरु भारत प्रदर्शनी में दर्शाया गया है कि किस प्रकार सेना अधिकारियों, वैज्ञानिकों और हर क्षेत्र में कार्य करने वाले महान लोगों को विश्व गुरु भारत की प्रेरणा मिलेगी।

गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद ने कहा कि पवित्र ग्रंथ गीता में प्रत्येक मानव की समस्या का समाधान है। इस ग्रंथ के उपदेशों से पूरी मानवता का कल्याण संभव है। इस पवित्र ग्रंथ के उपदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के उदेश्य से ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रयासों से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव को एक बड़ा स्वरुप दिया गया है। राष्टï्रीय स्वयं सेवक संघ के राष्टï्रीय कार्यकारिणी सदस्य श्री इंद्रेश ने कहा कि भारत फिर से विश्व गुरु बनेगा। इसी धारणा को लेकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी आगे बढ़ रहे हैं।

राज्यपाल ने इस अवसर पर सीडीएस चीफ श्री बिपिन रावत व अन्य जवानों की शहादत पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि शिमला में जरनल बिपिन रावत से मुलाकात हुई थी जिसमें उन्होंने स्पष्ट कहा था कि भारत का सशस्त्र बल तकनीकी रुप से बहुत आगे निकल चुका है और किसी भी देश का दुस्साह नहीं कि भारत की तरफ देख भी सके। उन्होंने कहा कि उनके निधन से बहुत भारी क्षति हुई है, परमपिता परमात्मा जरनल रावत और सभी जवानों की आत्मा को शांति प्रदान करे।