Sunday, May 25, 2025

बिजली विभाग बेहतर सुविधाएं देने के लिए कृतसंकल्पित

हर आमजन को मिलेगी बेहतर बिजली वाली सुविधा 

चंडीगढ़: 25 मई 2025: (मीडिया लिंक रविंदर//हरियाणा स्क्रीन)::

प्रदेश में तेज हवाओं और बारिश से शनिवार को कई जगह नुकसान की सूचना है। बिजली विभाग आमजन को सुचारू बिजली सप्लाई देने के लिए कृतसंकल्प है। ठोस रणनीति और विभाग की तत्परता से जहां भी फाल्ट की सूचना मिली, उसे सूचना मिलते ही दुरुस्त कर दिया गया, ताकि आमजन को कोई दिक्कत ना हो।

सोशल मीडिया पर 132 केवी सेका-नांगल चौधरी लाइन को नुकसान होने की भ्रामक सूचना के संबंध में विभाग का कहना है कि इस बारे भ्रामक प्रचार किया जा रहा है कि 132 केवी लाइन ताश के पत्तों की तरह ढह गई। जबकि केवल एक टावर को नुकसान होने की सूचना है। उस एरिया में बिजली सप्लाई सुचारू है। हालांकि टावर क्षतिग्रस्त के संबंध में निगम द्वारा इसके कारणों की पड़ताल की जा रही है।

प्रवक्ता ने कहा कि वायरल की जा रही जानकारी में दावा किया जा रहा है कि लाइन पर कार्य चल रहा है, जबकि ऐसा नहीं है, यह नई लाइन नहीं है। इसे वर्ष 2023 में चार्ज किया जा चुका है। लाइन पर कुल 73 टावर हैं, जिनमें से यह एक टावर क्षतिग्रस्त हुआ है। यह एक डीडीप्लस15 टावर है जिसकी ऊँचाई 47.715 मीटर है। क्षेत्र में तेज़ गति की आंधी चली थी और कभी-कभी अत्यधिक तेज़ हवाओं में टावर गिर जाते हैं। विभाग द्वारा तत्काल इस पर कार्रवाई कर बिजली सप्लाई को बहाल किया गया ताकि इलाके के लोगों को किसी प्रकार की कोई कठिनाई न आए।

क्रमांक-2025

Sunday, April 27, 2025

हरियाणा और राजस्थान के नागरिक उड्डयन मंत्रियों ने की भेंट

गुरुग्राम से सालासर और खाटू श्याम धाम तक जल्द शुरू होगी हेलीकॉप्टर टैक्सी सेवा

मंत्री विपुल गोयल और मंत्री गौतम कुमार दक ने कई मुद्दों पर बात की 

चंडीगढ़: 27 अप्रैल 2025: (मीडिया लिंक रविंद्र//हरियाणा स्क्रीन)::

हरियाणा के नागरिक उड्डयन मंत्री श्री विपुल गोयल ने आज जयपुर में राजस्थान के नागरिक उड्डयन मंत्री श्री गौतम कुमार दक से मुलाकात कर गुरुग्राम से सालासर और खाटू श्याम धाम के लिए प्रस्तावित हेलीकॉप्टर टैक्सी सेवा को लेकर विस्तार से चर्चा की। दोनों राज्यों के बीच इस परियोजना को लेकर आपसी सहयोग पर भी सहमति बनी, जिससे श्रद्धालुओं को तीर्थ यात्रा में सुगमता मिलेगी और क्षेत्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

आज की बैठक में इस बात पर बल दिया गया कि हेलीकॉप्टर सेवाओं के संचालन के लिए जरूरी बुनियादी ढांचे, जैसे हेलीपैड, यात्रियों के लिए वेटिंग एरिया, और सुरक्षा मानकों को प्राथमिकता से विकसित किया जाएगा। दोनों राज्यों के बीच आवश्यक प्रशासनिक समन्वय सुनिश्चित करने की भी बात तय हुई है।

बैठक के उपरान्त श्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेशवासियों को तीर्थ स्थलों की यात्रा के लिए तेज, सुरक्षित और आरामदायक विकल्प प्रदान किया जाए। इस पहल से न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था, रोजगार और सेवा क्षेत्र में भी उल्लेखनीय विकास होगा।

उन्होंने कहा कि जल्द ही इस सेवा के औपचारिक उद्घाटन की प्रक्रिया प्रारंभ होने की संभावना है, जिससे हरियाणा और राजस्थान के श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि जनवरी माह में श्री विपुल गोयल ने हरियाणा के नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर इस रूट के संभावित संचालन को लेकर प्रेजेंटेशन देखी थी। बैठक के दौरान गुरुग्राम से खाटू श्याम और सालासर धाम तक हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने के तकनीकी, वित्तीय और व्यावसायिक पहलुओं पर गहन विचार-विमर्श हुआ था। साथ ही विपुल गोयल ने गुरुग्राम-चंडीगढ़ और हिसार-चंडीगढ़ के बीच भी हेलीकॉप्टर सेवा की संभावनाओं पर स्टडी रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए थे।क्रमांक -2025

Sunday, March 23, 2025

जो जंग भगत सिंह ने शुरू की उसे जारी रखने की जरूरत

शहीद दिवस के अवसर पर मंत्री श्री अनिल विज ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

चंडीगढ़: 23 मार्च 2025: (मीडिया लिंक रविंदर//हरियाणा स्क्रीन)::

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि उनके जहन में एक बात हमेशा गूंजती है कि आजादी के आंदोलन में महात्मा गांधी उस समय देश की रहनुमाई कर रहे थे और उन्होंने कई भूख हड़ताल की, यदि वे भगत सिंह के लिए एक भी भूख हड़ताल करते तो आजाद हिंदुस्तान की रोशनी शहीद-ए-आजम भगत सिंह भी देख पाते।

मंत्री आज अम्बाला छावनी के सिविल एसडीएम सचिवालय में शहीद दिवस के अवसर पर शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के उपरांत आयोजित कार्यक्रम में  बोल रहे थे। मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि हमें शहीदों को सम्मान देना चाहिए और  उनके दिखाए गए रास्ते पर चलना चाहिए। यहीं उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि हैं। जो जंग शहीद भगत सिंह, सुखदेव व राजगुरू ने शुरू की थी, उसे जारी रखने की आवश्यकता है। अभी क्रांति को आगे चलाना व बढ़ाना होगा।

एक दुश्मन (अंग्रेज रूपी) तो चला गया, कई दुश्मन अभी देश के अन्दर है, जिनमें भ्रष्टाचार, अपने दायित्वों को न निभाना, इनके खिलाफ जंग लडऩी है।

*भ्रष्टाचार के दानव से मुक्ति पा ली तो देश सौ गुणा गति से बढ़ेगा*

मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि हमने सबको देश में समानता का अधिकार दिलाना है। जब तक यह नहीं होगा तब तक हम व देश आजाद नहीं होगा। भ्रष्टाचार दानव से मुक्ति पा ली तो देश सौ गुणा गति से आगे बढ़ेगा।

*पहले 100 रुपए में से 85 रुपये भ्रष्टाचार में चले जाते थे *

मंत्री श्री ने कहा कि आज सरकार द्वारा लोगों को सीधा खातों में लाभ दिया जा रहा है। पहले राजीव गांधी देश के प्रधानमंत्री थे तो उस समय विकास के लिए 100 रूपए ऊपर से भेजा जाता था, लेकिन खाते में 15 रुपए आते थे, 85 रूपये सिस्टम की भेंट यानि भ्रष्टाचार में चला जाता था। लेकिन हमारी भाजपा की सरकार में विकास के लिए जितना पैसा आता है, उतना ही खर्च होता हैं।

यह मौजूद रहे

कार्यक्रम में अम्बाला छावनी के एसडीएम विनेश कुमार, आरटीए सुशील कुमार और  ईओ रविन्द्र कुमार व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहें।

क्रमांक-2025

Thursday, February 20, 2025

हरियाणा की बेटी को दिल्ली में मुख्यमंत्री पद से नवाजा गया

हरियाणा वासियों में तेज़ी सी दौड़ी खुशी की लहर 

*हरियाणा की बेटी को दिल्ली में मुख्यमंत्री के पद के ताज से नवाजा गया है, इसलिए हरियाणावासी भी खुश हैं" - ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज

*मैं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी को मुख्यमंत्री बनाए जाने के लिए मुबारकबाद देता हूं" - अनिल विज

*दिल्ली में पिछले 27 सालों से विपक्ष की सरकारों के रहने के कारण विकास कार्यों का ग्रहण हुआ खत्म" - विज

*प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगभग पूरे देश में आज भारतीय जनता पार्टी की सरकारें बन चुकी है"- विज

*नगर निकाय के चुनाव में कांग्रेस को करारी हार मिलने जा रही है" - विज

*हमारी तरफ से एक बेहतरीन बस डिपोर्ट हुए लोगों को लाने के लिए भेजी जाएगी - विज

चंडीगढ़:20 फरवरी 2025:(मीडिया लिंक रविंद्र//हरियाणा स्क्रीन)::

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि "हरियाणा की बेटी को दिल्ली में मुख्यमंत्री के पद के ताज से नवाजा गया है"। उन्होंने कहा कि "हरियाणा की बेटी को दिल्ली में मुख्यमंत्री बनाया गया इसलिए हरियाणावासी भी खुश हैं। इससे पहले भी हरियाणा की बेटी सुषमा स्वराज भी दिल्ली की मुख्यमंत्री रही है इसके लिए मैं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी को मुबारकबाद देता हूं"।

श्री विज आज चंडीगढ़ में मीडिया कर्मियों के द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे।

दिल्ली में पिछले 27 सालों से विपक्ष की सरकारों के रहने के कारण विकास कार्यों को ग्रहण लगा हुआ था जो कि अब खत्म हो गया है- विज

श्री विज ने कहा कि "दिल्ली में पिछले 27 सालों से विपक्ष की सरकारों के रहने के कारण विकास कार्यों को ग्रहण लगा हुआ था जो कि अब खत्म हो गया है"। उन्होंने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी है और दिल्ली में अब तीव्र गति से विकास का पहिया घूमेगा।  प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली की मुख्यमंत्री और कैबिनेट साथियों के माध्यम से दिल्ली को विकास में अव्वल बनाने  का काम किया जाएगा।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगभग पूरे देश में आज भारतीय जनता पार्टी की सरकारें बन चुकी है"- विज

दिल्ली के विकास को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में श्री विज ने कहा कि "प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में श्री मोदी की नीतियों और विकास के कार्यों के कारण लगभग पूरे देश में आज भारतीय जनता पार्टी की सरकारें बन चुकी है"। उन्होंने उमंग भरे स्वरों में कहा कि "यदि देश का नक्शा भी देखा जाए तो लगभग सारा देश भगवा नजर आता है और मुझे उम्मीद है कि आने वाले समय में समस्त देश में भारतीय जनता पार्टी की सरकारें बनेगी"।

नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका के चुनाव में कांग्रेस को करारी हार मिलने जा रही है - विज

हरियाणा में निकाय चुनाव को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर पहले ही कुछ लोग रोना शुरू कर देते हैं और वही आदत कांग्रेस की है। उन्होंने कहा कि नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका के चुनाव में कांग्रेस को करारी हार मिलने जा रही है यह कांग्रेस को पता भी है इसीलिए कांग्रेस वाले इसकी भूमिका पहले ही बना रहे हैं।

अमेरिका से डिपोर्ट हुए भारतीयों को लेकर पंजाब सरकार द्वारा लोगों को मानसिक रूप से उभारने के लिए किए जाने वाले अभियान को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है क्योंकि डिपोर्ट  हुए लोगों को कष्ट हुआ है क्योंकि वह भारतीय ही है और यह भारतीयों के सुख दुख को सांझा करना अच्छी बात है।

अधिकारियों को निर्देश, बस के साथ में फूड के पैकेट भी भेजे जाएंगे-विज

डिपोर्ट होने वाले लोगों के लिए हरियाणा की तरफ से किए जाने वाली पहल के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हालांकि यह मेरे विभाग  से सम्बंधित  कार्य नहीं है लेकिन यदि अन्य डिपार्टमेंट उनसे कोई सहयोग चाहेंगे तो हमारी तरफ से एक बेहतरीन बस डिपोर्ट हुए लोगों को लाने के लिए भेजी जाएगी। इसके अलावा, विभाग के अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि बस के साथ में फूड के पैकेट भी भेजे जाएँ।   

क्रमांक- 2025

Thursday, January 23, 2025

नए आपराधिक कानूनों पर विशेष कानूनी ग्रंथों का विमोचन

चंडीगढ़: 23 जनवरी 2025: (मीडिया लिंक रविंद्र/ /पंजाब स्क्रीन)::

आज यहां पंजाब एवं  हरियाणा उच्च न्यायालय के परिसर में स्थित बार एसोसिएशन रूम में तीन महत्वपूर्ण कानूनी ग्रंथों का विमोचन किया गया। इस अवसर पर पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के  मुख्य न्यायाधीश जस्टिस श्री शील नागू ने आधिकारिक रूप से "भारतीय न्याय संहिता पर विवेचना और टिप्पणी", "भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता पर विवेचना और टिप्पणी", और "भारतीय साक्ष्य अधिनियम पर विवेचना और टिप्पणी" शीर्षक से तीन पुस्तकों का विमोचन किया।

इस अवसर पर विमोचन समारोह की अध्यक्षता मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्य न्यायाधीश,  जस्टिस श्री अजय कुमार मित्तल द्वारा की गई। ये ग्रंथ श्री रविंद्र खंडेलवाल, श्री कमलजीत दहिया, श्रीमती अनु सिंह और श्री वरुण चुघ के सह-लेखन में तैयार किए गए।

इस अवसर पर अपने भाषण में जस्टिस श्री शील नागू ने इन नए कोडों को न्याय, समानता और कानून के शासन के सिद्धांतों को अभिव्यक्त करने वाली एक न्यायिक प्रणाली की ओर एक कदम बताया। उन्होंने कहा  कि भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, और भारतीय साक्ष्य अधिनियम न केवल विधायी अपडेट का प्रतीक हैं, बल्कि कानूनी ढांचे के पूर्ण परिवर्तन का प्रतीक हैं जो साइबर अपराध, भीड़ हिंसा और आतंकवाद जैसी आधुनिक चुनौतियों का समाधान करते हैं।

जस्टिस श्री अजय कुमार मित्तल ने कानूनी सुधारों की समयोचितता और प्रासंगिकता की सराहना की, और इन नए कानूनों की जटिलताओं के माध्यम से कानूनी पेशेवरों को शिक्षित करने और मार्गदर्शन करने में इन पाठों की महत्वपूर्ण भूमिका को उजागर किया।

इस कार्यक्रम का संचालन हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के कार्यवाहक अध्यक्ष श्री जसदेव सिंह बराड़ और  मानद सचिव श्री स्वर्ण सिंह तिवाना ने किया।  इस अवसर पर  बार एसोसिएशन के कई सम्मानित सदस्य उपस्थित थे।

श्री के के खंडेलवाल, जो हरियाणा कैडर के 1985 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में भारत स्काउट्स और गाइड्स के राष्ट्रीय आयुक्त हैं, ने कानूनी, प्रबंधन, और सांस्कृतिक विषयों पर तीन दर्जन से अधिक पुस्तकें लिखी हैं। उनकी व्यापक रचनाएं कानून के विभिन्न क्षेत्रों में समझ और अनुप्रयोग में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।

क्रमांक -2025

Sunday, December 22, 2024

हरियाणा सरकार का अन्नदाता हित में एक और बड़ा कदम

24 फसलें एमएसपी पर खरीदने की अधिसूचना जारी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने का किया ऐलान

चंडीगढ़: 22 दिसंबर 2025: (मीडिया लिंक रविंद्र//हरियाणा स्क्रीन)::

हरियाणा सरकार ने किसानों के हित  में एक अन्य महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्य में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर 24 फसलों की खरीद के लिए अधिसूचना जारी की है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा जारी की गई इस अधिसूचना का उद्देश्य किसानों की उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना है।

उल्लेखनीय  है कि  मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा किसानों के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता को और मजबूत करते हुए एमएसपी के तहत दस अतिरिक्त फसलों की खरीद की घोषणा की गई थी। इन फसलों में रागी, सोयाबीन, नाइजरसीड, कुसुम, जौ, मक्का, ज्वार, जूट, खोपरा और ग्रीष्मकालीन मूंग शामिल हैं। ये फसलें अब उन 14 फसलों की सूची में शामिल हो जाएंगी, जिनकी एमएसपी पर खरीद पहले से ही की जा रही है। इनमें धान, बाजरा, खरीफ मूंग, उड़द, अरहर, तिल, कपास, मूंगफली, गेहूं, सरसों, चना, मसूर, सूरजमुखी और गन्ना जैसी महत्वपूर्ण खाद्य और नकदी फसलें शामिल हैं।

यह अधिसूचना केंद्र सरकार की एमएसपी नीति के अनुरूप है, जिससे यह सुनिश्चित होता है कि सभी अधिसूचित फसलों की खरीद सरकार द्वारा घोषित एमएसपी पर की जाए। इसके अलावा, गन्ने की खरीद एमएसपी के समान एक उचित और लाभकारी मूल्य (एफआरपी) पर जारी रहेगी।

सभी अधिसूचित फसलों की खरीद भारत सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर केवल मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकृत पात्र किसानों से की जाएगी। यह कदम किसानों को उनकी उपज के लिए गारंटीकृत मूल्य प्रदान करेगा, उन्हें बाजार के उतार-चढ़ाव से बचाएगा और यह सुनिश्चित करेगा कि उनकी मेहनत को पुरस्कृत किया जाए।

हरियाणा सरकार कृषक समुदाय का समर्थन करने और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि उनकी उपज उचित मूल्य पर खरीदी जाए, जिससे किसानों और कृषि अर्थव्यवस्था दोनों को लाभ हो।

क्रमांक - 2024

Friday, October 11, 2024

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर अतिथि व्याख्यान आयोजन

 श्रीकृष्ण आयुष विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र के "काय चिकित्सा विभाग" द्वारा विश्व मानसिक  स्वास्थ्य दिवस पर अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमा और मुख्य वक्ता

मानसिक स्वास्थ्य की हर व्यक्ति को आवश्यकता- प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान

चंडीगढ़ , 11 अक्टूबर  - श्रीकृष्ण आयुष विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र के "काय चिकित्सा विभाग" द्वारा विश्व मानसिक  स्वास्थ्य दिवस पर अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमा और मुख्य वक्ता जामनगर आईटीआरए काय चिकित्सा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मंदीप गोयल रही।

 कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान ने कहा कि आज संसार में कोई ऐसा व्यक्ति नहीं है जिसे मानसिक स्वास्थ्य की अवश्यकता न हो। हर दूसरा-तीसरा व्यक्ति मानसिक बीमारी से ग्रस्त है उसका कारण लाइफ स्टाल में हो रहा बदलाव है। मानसिक विकारों में सोच, भावनात्मक और व्यवहार में भारी गड़बड़ी होना है। वैसे मानसिक विकार कई तरह के होते है। प्रभावी रोकथाम और उपचार भी मौजूद है मगर अधिकांश लोग इससे अनभिज्ञ ही रहते है जिसकी वजह से व्यक्ति को जान का जोखिम उठाना पड़ता है। तनाव प्रबंधन का अभ्यास करना और जरूरत पड़ने पर सहायता लेना स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए जरूरी है।

 मुख्य वक्ता डॉ. मंदीप ने कहा कि वर्तमान समय में 60 प्रतिशत जनसंख्या कार्यशील है, हर सात में से एक युवा मानसिक रोग से ग्रसित है जिसका मुख्य वजह भय, तनाव, कार्य संतुलन का न बनना और अधिक महत्वाकांक्षाओं को करने का संघर्ष है। उन्होंने मानसिक तनाव से उत्पन्न होने वाले गंभीर रोगों के प्रारंभिक लक्षणों जैसे चिंता, क्रोध, अवसाद, भय और चिकित्सा को विस्तार से बताया। इसके साथ ही मानस समस्याओं में बचाव के लिए व्यक्ति को जीवन शैली में बदलाव, प्रतिदिन योगासन एवं प्राणायाम और सदाचार का जीवन शैली में प्रयोग करना चाहिए और विषय विशेषज्ञों से सलाह लेनी चाहिए। इस अवसर पर रजिस्ट्रार कृष्ण कुमार जाटियान, डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. जेके पंडा, प्राचार्य डॉ. देवेंद्र खुराना, काय चिकित्सा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. नेहा लांबा, सहायक प्रो. डॉ. नीलम व अन्य अध्यापक गण भी मौजूद थे।

क्रमांक -2024