Thursday, March 30, 2023

मानव तस्करी के खिलाफ एक महीने का पुलिस अभियान

अभियान का मकसद मानव तस्करी की पूरी तरह से रोकथाम  

चंडीगढ़: 30 मार्च 2023: (कार्तिका सिंह//हरियाणा स्क्रीन डेस्क):: 

आज के आधुनिक और विकसित युग में मानव तस्करी के षड़यंत्र और तेज़ हो गए हैं। विकसित तकनॉलॉजी का फायदा उठाते हुए मानव तस्कर हर पल हर जगह भोलेभाले लोगों को अपना शिकार बनाने की ताक में रहते हैं। इनके इन खतरनाक और नापाक इरादों को नाकाम करने के लिए हरियाणा पुलिस एक बार फिर मैदान में है। इन मानव तस्करों के खिला एक और नया हरियाणा पुलिस अब एक और अभियान चलने को पूरी तरह से तैयार है। इसके लिए हर तैयारी पूरी कर ली गई है। अप्रैल महीने अच्धते ही अब मानव तस्करों की फिर से शामत आएगी। इनकी धरपकड़ के लिए पुलिस ने अपने नेटवर्क का जाल बिछा लिया है। 

हरियाणा पुलिस अप्रैल माह में समस्त राज्य में मानव तस्करी के खिलाफ एक महीने का अभियान चलाएगी। इसके माध्यम से पुलिस का उद्देश्य मानव तस्करी के मुद्दे के बारे में जागरूकता बढ़ाना भी मुख्य मकसद रहेगा तांकि आम लोगों का हौंसला भी बढ़े और हिम्मत भी इसके साथ ही मानवतस्करी के खिलाफ आम जनता की निगाहों को भी तेज़ बनाया जाएगा। 

मानव तस्करी के खिलाफ हरियाणा पुलिस के इस नए और बेहद सख्त विशेष अभियान में बड़े बड़े मगरमच्छ भी पकड़े जाएंगे। इस संबंध में 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक प्रदेश भर में चलेगा यह विशेष अभियान। इसके अंतर्गत हर जगह पर पुलिस की मुस्तैद नज़र रहेगी ही। जवानों की चौकसी बहुत से लोगों को इस बार भी बचाएगी। 

इस तरह इस बार हरियाणा पुलिस अप्रैल माह में समस्त राज्य में मानव तस्करी के खिलाफ एक महीने का अभियान चलाएगी। इसके माध्यम से पुलिस का उद्देश्य मानव तस्करी के मुद्दे के बारे में जागरूकता बढ़ाना और लोगों को मानव तस्करी से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की रिपोर्ट करने के लिए प्रोत्साहित करना है। आम लोगों को इस दिशा में सतर्क करने के साथ साथ इस दिशा में सहयोगी बनाने को भी प्रेरित किया जाएगा। 

इस अभियान के अंतर्गत पहली अप्रैल से 30 अप्रैल, 2023 तक चलने वाले इस अभियान में सेमिनार, कार्यशाला, नुक्कड़ नाटक और जागरूकता अभियान जैसी विभिन्न गतिविधियाँ शामिल होंगी। इस दौरान हरियाणा पुलिस बचाव अभियान चलाते हुए मानव तस्करी के पीडि़तों को पुनर्वास प्रदान करने के लिए गैर सरकारी संगठनों और अन्य हितधारकों के साथ मिलकर काम करेगी।

मानव तस्करी के खिलाफ चलने वाले इस अभियान की जानकारी देते हुए डीजीपी प्रशांत कुमार अग्रवाल ने कहा कि मानव तस्करी एक जघन्य अपराध है जो देश में हर साल हजारों लोगों को प्रभावित करता है। राज्य ने हाल के वर्षों में मानव तस्करी के कई मामलों का खुलासा किया है और हरियाणा पुलिस इस खतरे को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस मानव तस्करी ने बहुत से  परिवारों के जनजीवन को तहस नहस क्र रखा है। खतरे की इस तलवार को अब पूरी तरह से हटा दिया जाएगा। 

हरियाणा पुलिस के इस अभियान के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि मानव तस्करी के खिलाफ महीने भर चलने वाला अभियान इस अपराध से निपटने के हमारे चल रहे प्रयासों का एक हिस्सा है। हम अपने नागरिकों के लिए एक सुरक्षित वातावरण बनाने और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि इस अपराध को अंजाम देने वालों को न्याय के कटघरे में लाया जाए।

इस अभियान की सफलता के लिए पुलिस हर संबंध में तैयार है। हरियाणा पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे मानव तस्करी से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को उसके आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर दें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मुखबिर की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आएगी और आम जनता के जीवन को सुरक्षित रखने के लिए हर सम्भव कदम उठाएगी। इस तस्करी की इस बार कमर तोड़ दी जाएगी। 

इस अभियान की पूर्ण सफलता के लिए फील्ड यूनिट्स को भेजे गए संदेश में सभी एसपी और डीसीपी को अभियान चलाने के लिए कहा गया है। सीपी और आईजी/एडीजी रेंज साप्ताहिक प्रगति की समीक्षा करेंगे। लापता बच्चों और वयस्कों की संख्या का पता लगाने और भिखारियों और मजदूरों को बचाए जाने पर महीने के अंत में फील्ड इकाइयों के प्रदर्शन की समीक्षा की जाएगी। इस दिशा में, पुलिस गुमशुदा व्यक्तियों के मामलों की फिर से जांच करेगी और आस-पास के राज्यों में आश्रयों और बाल गृहों में पुलिस टीमों को यह देखने के लिए भेजेगी कि उनमें से कोई वहां रह रहा है या नहीं। गुमशुदा बच्चों के मामले धारा 363-366 आईपीसी के तहत दर्ज किए जाते हैं, जबकि लापता वयस्कों के मामले 346 आईपीसी के तहत दर्ज किए जाते हैं।

गौरतलब है कि हरियाणा पुलिस ने वर्ष 2022 में, 3379 लापता महिला और 6340 पुरुष वयस्कों का पता लगाया। साथ ही, लापता 1144 लडक़ों और 1426 लड़कियों को भी बरामद किया। इसके अतिरिक्त, इसने 41 बंधुआ मजदूरों को भी मुक्त कराया था।

इसी अवधि में, राज्य अपराध शाखा की 22 एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट्स (एएचटीयू) ने लापता 316 पुरुष वयस्कों और 373 महिलाओं का पता लगाया। साथ ही, वर्ष के दौरान लापता हुए 313 लडक़ों और 227 लड़कियों का भी पता लगाया। इसके अतिरिक्त, 2022 में 639 पुरुष और 294 महिला भिखारियों और 1300 पुरुष और 52 महिला बंधुआ मजदूरों को बचाया। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार, लापता व्यक्ति का मामला आगे की जांच के लिए राज्य अपराध शाखा को स्थानांतरित कर दिया जाता है, अगर यह जिले में चार महीने से अधिक समय तक अनसुलझा रहता है।

इस बार भी इस अभियान के माध्यम से, हरियाणा पुलिस का लक्ष्य महिला एवं बाल कल्याण विभाग, अन्य राज्य पुलिस और गैर सरकारी संगठनों के साथ मिलकर बिछुड़ों को उनके प्रियजनों के साथ फिर से जोड़ते हुए परिवार में मुस्कान वापस लाना है। क्रमांक – 2023

Saturday, February 18, 2023

उत्तर भारत का पहला परमाणु संयंत्र हरियाणा के गोरखपुर में

प्रविष्टि तिथि: 18 FEB 2023 3:42 PM by PIB Delhi

नई दिल्ली से लगभग 150 किमी उत्तर में है:डॉ. जितेंद्र सिंह

संकेतक तस्वीर
नई दिल्ली: 18 फरवरी 2023: (पीआईबी//हरियाणा स्क्रीन डेस्क)::

उत्तर भारत का पहला परमाणु संयंत्र हरियाणा के गोरखपुर शहर में स्‍थापित होगा, जो नई दिल्ली के राष्ट्रीय राजधानी से लगभग 150 किमी उत्तर में बनेगा:डॉ. जितेंद्र सिंह

प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में प्रमुख उपलब्धियों में से एक देश के अन्य हिस्सों में परमाणु ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना होगी जो पहले ज्यादातर दक्षिण या पश्चिम भारतीय राज्यों तक सीमित थे

यह कदम बहुआयामी भूमिकाओं के लिए भारत की परमाणु क्षमता बढ़ाने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी के प्रोत्‍साहन के अनुरूप है; मोदी सरकार ने 10 परमाणु रिएक्टरों की स्थापना के लिए व्‍यापक स्वीकृति दी है : डॉ. जितेंद्र सिंह

उत्तर भारत का पहला परमाणु संयंत्र हरियाणा के गोरखपुर शहर में स्थापपित होगा, जो नई दिल्ली के राष्ट्रीय राजधानी से लगभग 150 किमी उत्तर में है। 

केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत, पेंशन, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष राज्‍य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने यह जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी के शासन के दौरान, प्रमुख उपलब्धियों में से एक देश के अन्य हिस्सों में परमाणु/परमाणु ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना होगी, जो पहले तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश जैसे ज्यादातर दक्षिण भारतीय राज्यों या पश्चिम में महाराष्ट्र तक ही सीमित थे।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत की परमाणु क्षमता को बढ़ाने की प्राथमिकता के अनुरूप  पिछले 8 वर्षों में कई क्रांतिकारी फैसले लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा 10 परमाणु रिएक्टरों की स्थापना के लिए एक व्‍यापक स्‍वीकृति दी गई है।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग को परमाणु ऊर्जा संयंत्रों को खोलने हेतु संसाधनों के लिए सार्वजनिक उपक्रमों के साथ संयुक्त उद्यम बनाने की भी अनुमति दी गई है जो आगामी और आशाजनक क्षेत्र है तथा जिसमें आने वाले समय में भारत की सभी ऊर्जा आवश्‍यकताओं को पूरा करने की क्षमता है। 

गोरखपुर हरियाणा अनु विद्युत परियोजना (जीएचएवीपी) जिसमें 700 मेगावाट क्षमता की दो इकाइयां हैं जिनमें से प्रत्येक में प्रेशराइज्ड हेवी वाटर रिएक्टर (पीएचडब्ल्यूआर) स्वदेशी डिजाइन है, हरियाणा में फतेहाबाद जिले के गोरखपुर गांव के पास कार्यान्वयन के अधीन है। अब तक, कुल आवंटित धनराशि 20,594 करोड़ में से ₹4,906 करोड़ की राशि व्‍यय की जा चुकी है। (आज की स्थिति के अनुसार कुल वित्तीय प्रगति 23.8 प्रतिशत है)।

अन्य मुख्य संयंत्र भवनों/संरचनाओं अर्थात फायर वाटर पम्प हाउस (एफडब्‍ल्‍यूपीएच), सुरक्षा संबंधित पम्प हाउस (एसआरपीएच), ईंधन तेल भंडारण क्षेत्र-1 और 2 (एफओएसए-1 और 2), वेंटिलेशन स्टैक, ओवरहेड टैंक (ओएचटी), स्विचयार्ड नियंत्रण भवन, सुरक्षा संबंधी और गैर-सुरक्षा संबंधी टनल तथा ट्रेंच, रिटेनिंग वॉल और गारलैंड ड्रेन के निर्माण का काम अच्छी तरह से चल रहा है। टर्बाइन बिल्डिंग-1 और 2, 220 केवी स्विचयार्ड और आईडीसीटी-1ए में भूमि सुधार का काम पूर्ण हो गया है। अन्य क्षेत्रों - आईडीसीटी, 400 केवी स्विचयार्ड, आपातकालीन मेकअप जल तालाब और स्टेशन सड़कों का काम प्रगति पर है। आईडीसीटी पैकेज और टर्बाइन आइलैंड पैकेज के लिए ठेकेदारों ने साइट को संघटित किया है।

प्राइमरी कूलेंट पंप, कैलेंड्रिया, रिएक्टर हेडर्स, रिफ्यूलिंग मशीन हेड्स, मॉडरेटर और अन्य डी20 हीट एक्सचेंजर्स आदि जैसे प्रमुख लंबे विनिर्माण चक्र उपकरण/घटकों के लिए खरीद आदेश पहले ही दिए जा चुके हैं। पहली इकाई के लिए एंड शील्ड और सभी स्टीम जेनरेटर साइट पर प्राप्त हो गए हैं। अन्य उपकरणों का विनिर्माण विभिन्न चरणों में है और निर्माण कार्यक्रम को पूरा करने के लिए साइट पर प्रदायगी समय पर होने की उम्मीद है।

प्रचालनगत ठंडे पानी की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए टोहाना से जीएचएवीपी तक जल वाहिनी का निर्माण हरियाणा सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग (एचआई और डब्‍लयूआरडी) के माध्यम से जमा कार्य के रूप में आरंभ किया गया है और इसकी प्रगति अच्छी चल रही है।

***** एमजी/एएम/एसकेजे/एसके   (रिलीज़ आईडी: 1900372)

Thursday, December 1, 2022

बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के कार्यालय का उदघाटन करेगे 2 दिसंबर को

 1st December 2022 at 5:56 PM

3 दिसंबर को ज्योतिसर में पूजा अर्चना के साथ हवनयज्ञ भी

कुरुक्षेत्र: 1 दिसंबर 2022: (Ashri Pawan//हरियाणा स्क्रीन)::

हिमाचल सरकार के शहरी एवम विकास कैबिनेट मंत्री एवम हिमाचल भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेश भारद्वाज, भाजपा हरियाणा प्रदेश के महामंत्री मोहन लाल बाड़ोली,सांसद नायब सैनी,विधायक सुभाष सुधा,पूर्व विधायक एवम हरियाणा भाजपा के महासचिव डॉ पवन सैनी व जिला प्रधान रवि बतान कल 2 दिसंबर शुक्रवार को दोपहर 3 बजे यूनिवर्सिटी शहर बाई पास रोड स्थित  प्रोफेसर कालोनी स्ट्रीट नम्बर एक मे भारतीय जनता पार्टी जिला कुरुक्षेत्र बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के कार्यालय का उदघाटन करेगे। 

बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक पवन आश्री व सह संयोजक अशोक जाड़यु ने बताया कि इस अवसर पर  हरियाणा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आत्म प्रकाश मनचंदा ,रतन लाल बंसल, पूर्व विधायक साहब सिंह सैनी अधिवक्ता ,  वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्ण बजाज ,कुरुक्षेत्र लोकसभा निगरानी समिति के अध्यक्ष धर्मबीर डागर,प्रदेश कार्यकारणी सदस्य धर्मबीर मिर्जापुर व डॉ शकुंतला शर्मा,भाजपा नेत्री रीता गोयल,प्रदेश कार्यकरणी सदस्य रविंदर सांगवान,जिला महासचिव सुशील राणा,सुनील चौधरी,  भाजपा हरियाणा प्रदेश के मीडिया प्रमुख संजय शर्मा, सामाजिक अधिकारिता  व न्याय  विभाग के सदस्य सूरजभान कटारिया , वरिष्ठ भाजपा नेता पुष्पेंद्र  सिंघला ,जिला सचिव रेणु खुंगर,जिला महासचिव अन्नू माल्याण,आई टी सेल प्रमुख विक्रम शर्मा, थानेसर मंडल प्रेजिडेंट दीपक चौहान एडवोकेट, उमा शंकर,ज्योति खंगवाल, मीडिया प्रभारी विनीत कबातरा,विनीत बजाज, रामधारी शर्मा,सुरेन्द्र डोगरा,सुभाष भुस्तला,सुरेन्द्र इशाकपुर, राम नारायण मदान, विजय मल, सह संयोजक सचिन मित्तल संजीव जुल्का, खेता राम राठौर बाखली, जसबीर सिंह एडवोकेट,

हरदीप पिपली,नरेन्द्र सैनी बाबैन,राजबीर राणा नलवी,साधु सिंह सैनी,सत प्रकाश शर्मा लाडवा,,डॉ शीशपाल शर्मा,धर्मपाल पपनेजा, अमित रोहिला,अजय बाबैन,  फतेह चंद गांधी ,डॉ मदन खन्ना,अशोक शर्मा,परवीन गौत्तम, डॉ अश्वनी गौत्तम  , वरिष्ठ भाजपा नेता हरीश  भारद्वाज,  भाजपा युवा मोर्चा के जिला प्रधान  रूबल शर्मा ,प्रकृति आश्री, विरेन्दर शर्मा , जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन गुरदयाल कडॉमि,गुरदयाल स्नेहड़ी, पूर्व चेयरमैन देवी शर्मा आदि अनेक भाजपा नेता भी उपस्थित रहेंगे। कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा ने बताया कि हिमाचल के मंत्री सुरेश भारद्वाज का इस के बाद 4 बजे  शाम को के डी बी जोरो शोरो से वेलकम किया  जाएगा। साढ़े 5 बजे मंत्री जी सांध्यकालीन आरती में बतौर मुख्यातिथि पहुंचेगे। के डी बी के सदस्य व के डी बी के कार्यकारी अधिकारी चन्द्रकान्त  कटारिया ने बताया कि इस बाद मंत्री सुरेश भारद्वाज ऐतिहासिक ब्रह्मसरोवर के पुरुषोत्तमपुरा बाग में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमो में भी बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। 

3 दिसंबर शनिवार को प्रातः 8 बजे मंत्री जी भगवान श्रीकृष्ण की ऐतिहासिक भूमि ज्योतिसर में पूजा अर्चना के साथ साथ हवनयज्ञ में आहुति भी डालेंगे। इस के बाद वे श्रीदेवी कूप भद्रकाली मंदिर में पूजा अर्चना करेगे।  सुप्रशिद्ध श्री कृष्ण संग्रहालय, गीता धाम आश्रम व पेनोरमा का अवलोकन भी करेगे।

Ashri Pawan <ashripawan@gmail.com>


Sunday, May 8, 2022

कैबिनेट ने ठेकेदार पंजीकरण नियम-2022 को दी मंजूरी

उद्देश्य पारदर्शिता लाना और सहुलियत के लिए ठेकेदारों को सिंगल विंडो प्रदान करना


हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में आज यहां हुई मंत्रिमण्डल की बैठक में पारदर्शिता लाने और कारोबार की सहुलियत के लिए ठेकेदारों को सिंगल विंडो उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से राज्य सरकार के साथ काम करने के इच्छुक ठेकेदारों के काम में बढ़ेगी रफ्तार 

चंडीगढ़: 6 मई 2022: (हरियाणा स्क्रीन ब्यूरो)::

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में आज यहां हुई मंत्रिमण्डल की बैठक में पारदर्शिता लाने और कारोबार की सहुलियत के लिए ठेकेदारों को सिंगल विंडो उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से राज्य सरकार के साथ काम करने के इच्छुक ठेकेदारों के पंजीकरण के लिए ठेकेदार पंजीकरण नियम-2022, हरियाणा लागू करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।  

नियमों के अनुसार, अब हरियाणा इंजीनियरिंग वक्र्स (एचईडब्ल्यू) पोर्टल पर ठेकेदारों की आईडी सृजित करना अनिवार्य होगा। हालांकि, पंजीकरण भी बेहतर होगा ताकि निविदाएं आमंत्रित करते समय प्रामाणिकताओं (क्रेडेंशियल्स) के सत्यापन की आवश्यकता और इसमें लगने वाले समय को कम करने के लिए सक्षम ठेकेदारों की तैयार सूची उपलब्ध हो सके। साथ ही, ठेकेदार के प्रदर्शन का मूल्यांकन प्रत्येक पूर्ण कार्य के लिए अंक देकर और एक गतिशील ‘रेटिंग’ उत्पन्न करके किया जाएगा।

हालांकि ठेकेदारों द्वारा पंजीकरण के लिए आवेदन करना वैकल्पिक है, लेकिन हरियाणा सरकार के किसी भी विभाग, बोर्ड, सोसायटी आदि में काम करने वाले प्रत्येक ठेकेदार के लिए कुछ मूल जानकारी दर्ज करते हुए एचईडब्ल्यू पोर्टल पर एक प्रोफाइल बनाना आवश्यक है। हरियाणा में किसी भी जगह काम करने वाले हर ठेकेदार की एक विशिष्ट ठेकेदार आईडी तैयार करने के लिए यह आवश्यक है। सभी ठेकेदारों को लॉगइन अकाउंट बनाना होगा और ‘प्रोफाइल समरी’ दस्तावेज प्राप्त करने होंगे।

इससे पंजीकृत योग्य ठेकेदारों को लाभ होगा क्योंकि उन्हें बयाना राशि जमा (ईएमडी) के भुगतान से छूट दी जाएगी। ऐसे ठेकेदार, जो एचईडब्ल्यू पोर्टल पर पंजीकृत नहीं है, वे निविदा प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे, लेकिन वे ईएमडी छूट का लाभ प्राप्त करने के पात्र नहीं होंगे और इन ठेकेदारों को किसी विशेष कार्य के लिए निर्दिष्ट राशि के लिए बोली के हिस्से के रूप में ईएमडी जमा करवानी होगी। प्रत्येक कार्य के पूरा होने के बाद ठेकेदार के प्रदर्शन का निरीक्षण और मूल्यांकन किया जाएगा।

थ्रेशोल्ड लिमिट स्कोर (अर्थात उनके प्रदर्शन स्कोर में 70 प्रतिशत) से नीचे आने वाले किसी भी पंजीकृत ठेकेदार को एचईडब्ल्यू पोर्टल पर स्वत: डी-रजिस्टर्ड कर दिया जाएगा। किसी भी विभाग, बोर्ड, सोसायटी से संबंधित जानकारी के लिए पंजीकृत ठेकेदारों की सूची एचईडब्ल्यू पोर्टल  (works.haryana.gov.in)  पर उपलब्ध करवाई जाएगी।

प्रोफाइल समरी दस्तावेज को प्रत्येक बोली दस्तावेज में अनिवार्य शर्त के रूप में शामिल किया जाएगा और भविष्य में आमंत्रित की जाने वाली निविदाओं का हिस्सा बनाया जाएगा। इसलिए प्रत्येक प्रस्तुत बोली के लिए तकनीकी मूल्यांकन के हिस्से के रूप में सभी ठेकेदारों को एचईडब्ल्यू पोर्टल के लॉन्च होने के बाद आमंत्रित की जाने वाली सभी निविदाओं के लिए एचईडब्ल्यू पोर्टल का ‘प्रोफाइल समरी’ दस्तावेज संलग्न करना होगा। यदि ठेकेदार बोली के साथ ‘प्रोफाइल समरी’ दस्तावेज की प्रति जमा करने या अपलोड करने में विफल रहता है तो एचईडब्ल्यू पोर्टल के लॉन्च के बाद आमंत्रित की जाने वाली सभी निविदाओं के लिए प्रस्तुत बोलियों को अस्वीकृत कर दिया जाएगा।


Monday, January 24, 2022

हरियाणा के बिजली मंत्री चौ. रणजीत सिंह भी कोरोना संक्रमित

खुद को अपने चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास पर आइसोलेट किया 

चंडीगढ़: 24 जनवरी 2022: (हरियाणा स्क्रीन ब्यूरो)::

कोविड का खतरा थमने का नाम ही नहीं ले रहा। अब कोरोना नए नए रंग रूप बदल कर सामने आ रहा है। अब नई खबर ई है हरियाणा से जहाँ बिजली और जेल मंत्री चौधरी रंजीत सिंह कोरोना संक्रमित हो गए हैं। 

हरियाणा के बिजली व जेल मंत्री चौ. रणजीत सिंह भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। इस सम्बन्ध में तुरंत एक्शन लेते हुए शुरूआती लक्षणों के बाद उन्होंने अपना कोविड-19 टेस्ट करवाया था। इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्होंने खुद को अपने चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास पर आइसोलेट कर लिया है। साथ ही, अपने सप्ताहभर के अगले सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।

बिजली व जेल मंत्री चौ. रणजीत सिंह ने पिछले दो-तीन दिनों के दौरान अपने संपर्क में आए सभी लोगों से आग्रह किया है कि वे खुद को आइसोलेट करें और अपना कोरोना टेस्ट अवश्य करवा लें। बता दें कि रणजीत सिंह कोरोना की पहली लहर के दौरान भी पॉजिटिव हो गए थे। उन्होंने अपने निजी स्टॉफ और सिक्योरिटी जवानों को भी अपना टेस्ट करवाने के निर्देश दिए हैं ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।

Sunday, December 26, 2021

शहीद उधम सिंह देश के वीर सपूत थे--वन मंत्री कंवर पाल

जलियांवाला बाग नरसंहार का बदला लंदन में जाकर लिया था

चंडीगढ़: 26 दिसंबर 2021: (हरियाणा स्क्रीन ब्यूरो)::

अमर शहीद ऊधम सिंह को आज भी हम सभी नमन करते हैं। हरियाणा के मंत्री ने भी उन्हें याद करते हुए अपनी श्रद्धा के सुमन अर्पित किए। हरियाणा के शिक्षा एवं वन मंत्री कंवर पाल ने कहा कि शहीद उधम सिंह देश के वीर सपूत थे, जिन्होंने जलियांवाला बाग नरसंहार का बदला लंदन में जाकर लिया था। ऐसे महान वीर के जन्म से हम सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए।

शिक्षा एवं वन मंत्री आज पंचायत भवन गोविंदपुरा, यमुनानगर में शहीद उधम सिंह जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि अपना संबोधन दे रहे थे।

उन्होंने कहा कि हमें देश के महापुरुषों व वीरों को हमेशा याद रखना चाहिए। वीर शिवाजी, श्री गुरु गोबिन्द सिंह, महाराणा प्रताप के साथ-साथ असंख्य वीरों ने देश को गुलामी की जंजीरों से आजाद करवाने के लिए लड़ाइयां लड़ी और अपने प्राण न्यौछावर किए। वीर सावरकर भी ऐसे ही क्रांतिकारी थे और क्रांतिकारियों के जीवन, आदर्शों और उनके द्वारा लिखी गई पुस्तकों से हमें निरंतर प्रेरणा मिलती है। उन्होंने गुरु गोबिंद सिंह के पुत्रों के बलिदान को भी याद किया और कहा कि सभी वीरों के जीवन से हम सभी को शिक्षा व प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज फ्रांस, जर्मन, चीन, रूस सहित अनेक देशों में लोग अपने देश की भाषा में ही बात करना पसंद करते हैं। इसी प्रकार, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भी हिंदी में ही बात करते हैं। हमें अपनी मातृभाषा को बढ़ावा देना चाहिए।

इस मौके पर उन्होंने काम्बोज सभा यमुनानगर को 11 लाख रुपये तथा कुरुक्षेत्र काम्बोज सभा को 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने यमुनानगर-जगाधरी की प्लाइवुड इंडस्ट्रीज की टेलीफोन डायरेक्टरी का विमोचन भी किया। इस अवसर पर उन्होंने शहीद ऊधम सिंह काम्बोज स्मारक स्थल पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।

इस अवसर पर उनके साथ पूर्व मंत्री एवं ओ.बी.सी. मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष कर्ण देव काम्बोज, यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन राम निवास गर्ग, नगर निगम के मेयर मदन चौहान, पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय व गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय हिसार के कुलपति डा. बी.आर. काम्बोज भी उपस्थित थे।

Thursday, December 9, 2021

भारत को विश्व गुरु बनाने की प्रेरणा पवित्र ग्रंथ गीता से ही मिलेगी

इस पवित्र ग्रंथ से पूरी मानवता को शांति का संदेश दिया गया

    राज्यपाल श्री बंडारु दत्तात्रेय ने किया गीता पूजन   

हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारु दत्तात्रेय ने कहा कि भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए पवित्र ग्रंथ गीता से ही प्रेरणा मिलेगी। इस पवित्र ग्रंथ से पूरी मानवता को शांति का संदेश दिया गया। यह ग्रंथ किसी एक जाति या धर्म का नहीं है। 


चंडीगढ़
//कुरुक्षेत्र9 दिसंबर 2021: (हरियाणा स्क्रीन ब्यूरो)::

हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारु दत्तात्रेय ने कहा कि भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए पवित्र ग्रंथ गीता से ही प्रेरणा मिलेगी, इस पवित्र ग्रंथ से पूरी मानवता को शांति का संदेश दिया गया। यह ग्रंथ किसी एक जाति या धर्म का नहीं है, अपितु यह ग्रंथ हर वर्ग और हर व्यक्ति के लिए है। गीता के उपदेश आज भी पूरी तरह प्रासंगिक है और यह हरियाणा का सौभाग्य है कि कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर ही 5158 वर्ष पूर्व भगवान श्रीकृष्ण ने गीता के उपदेश दिए।

राज्यपाल आज कुरुक्षेत्र में हरियाणा के सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की आजादी के अमृत महोत्सव व राज्यस्तरीय प्रदर्शनी के उदघाटन सत्र में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले राज्यपाल श्री बंडारु दत्तात्रेय ने रिबन काटकर प्रदर्शनी का विधिवत रूप से उदघाटन किया। इस दौरान पर्यटन एवं शिक्षा मंत्री श्री कंवर पाल, खेल मंत्री सरदार संदीप सिंह, सांसद श्री नायब सिंह सैनी, विधायक श्री सुभाष सुधा, त्रिदंडी चिन्ना मन्नारायणा रामानुज जीयर स्वामी, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारणी के सदस्य श्री इन्द्रेश ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि इस गीता जयंती महोत्सव से सांस्कृतिक, अध्यात्मिक और नैतिक मूल्यों को आगे बढ़ाने का एक मार्ग मिलता है। उन्होंने कहा कि विश्व गुरु भारत प्रदर्शनी में दर्शाया गया है कि किस प्रकार सेना अधिकारियों, वैज्ञानिकों और हर क्षेत्र में कार्य करने वाले महान लोगों को विश्व गुरु भारत की प्रेरणा मिलेगी।

गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद ने कहा कि पवित्र ग्रंथ गीता में प्रत्येक मानव की समस्या का समाधान है। इस ग्रंथ के उपदेशों से पूरी मानवता का कल्याण संभव है। इस पवित्र ग्रंथ के उपदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के उदेश्य से ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रयासों से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव को एक बड़ा स्वरुप दिया गया है। राष्टï्रीय स्वयं सेवक संघ के राष्टï्रीय कार्यकारिणी सदस्य श्री इंद्रेश ने कहा कि भारत फिर से विश्व गुरु बनेगा। इसी धारणा को लेकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी आगे बढ़ रहे हैं।

राज्यपाल ने इस अवसर पर सीडीएस चीफ श्री बिपिन रावत व अन्य जवानों की शहादत पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि शिमला में जरनल बिपिन रावत से मुलाकात हुई थी जिसमें उन्होंने स्पष्ट कहा था कि भारत का सशस्त्र बल तकनीकी रुप से बहुत आगे निकल चुका है और किसी भी देश का दुस्साह नहीं कि भारत की तरफ देख भी सके। उन्होंने कहा कि उनके निधन से बहुत भारी क्षति हुई है, परमपिता परमात्मा जरनल रावत और सभी जवानों की आत्मा को शांति प्रदान करे।